एनएसएस व जय हो स्वयंसेवकों ने 7-दिवसीय एनएसएस शिविर के अंतर्गत निकाली जागरूकता रैली व चलाया स्वच्छता अभियान
जिला मुख्यालय — एम.एल.बी. विद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं जयहो के स्वयंसेवकों द्वारा 7-दिवसीय एनएसएस शिविर के अंतर्गत जिले में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना एवं जयहो के स्वयंसेवकों ने साइबर सेफ्टी, स्वच्छता, बाल विवाह रोकथाम एवं नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर नारे लगाते हुए आमजन को जागरूक किया।
रैली के साथ-साथ स्वयंसेवकों ने नगर के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया। इसी दौरान जब स्वयंसेवक कलेक्टर परिसर में साफ-सफाई कर रहे थे, तो वहां पहुंचे माननीय कलेक्टर महोदय ने स्वयंसेवकों को कार्य करते हुए देखा। इसके पश्चात कलेक्टर महोदय भी स्वच्छता अभियान में स्वयंसेवकों के साथ शामिल हुए और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती गीता झा, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री विजय सिन्हा एवं यूनिसेफ के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर गुरुदेव प्रसाद द्वारा किया गया।
इस आयोजन के माध्यम से 7-दिवसीय एनएसएस शिविर के उद्देश्य को सार्थक करते हुए समाज में स्वच्छता, जागरूकता एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध एक सशक्त और सकारात्मक संदेश दिया गया।














