पहुंचे कलेक्टर कार्यालय, जांच की मांग
जशपुर।
पोर्टल में प्रकाशित खबर का असर अब जमीनी स्तर पर देखने को मिल रहा है। ग्राम अंकिरा में मैदान समतलीकरण कार्य को लेकर उठे सवालों के बाद गांव के उप सरपंच कैलाश नाथ अवस्थी, पंचों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर जशपुर को लिखित शिकायत सौंपी है।
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में बताया कि समतलीकरण कार्य में अनियमितता एवं गुणवत्ता को लेकर गंभीर संदेह है। पोर्टल में खबर प्रकाशित होने के बाद जब इस मामले की जानकारी गांव के अन्य लोगों तक पहुंची, तो सभी ने एकजुट होकर मामले को गंभीरता से लिया।
सोमवार को ग्रामीण, पंचगण एवं जनप्रतिनिधि एकत्रित होकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि कार्य की गुणवत्ता की जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही न हो।
ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बेहद जरूरी है। यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो इससे सरकारी योजनाओं का उद्देश्य प्रभावित होगा।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और संबंधित कार्य की जांच कब तक पूरी होती है।













