विशेषज्ञों ने कहा - एक रणनीति के तहत करें अध्ययन, तैयारी के प्रत्येक आयाम को दें स्थान ।
जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जिले में संचालित स्कूलों में कॅरियर मार्गदर्शन कार्यशाला आयोजित की जा रही है , शनिवार को विकास खण्ड बगीचा के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम एवं उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय में एकदिवसीय कॅरियर गाइडेंस वर्कशॉप आयोजित की गई, इस कार्यशाला में अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम के 500 से अधिक स्टूडेंट्स शामिल हुए।
कार्यशाला में जशपुर से विशेषज्ञ एस पी यादव ने स्टूडेंट्स को बताया कि किसी भी परीक्षा में शामिल होने से पहले स्टूडेंट्स को विषय वस्तु की पूर्व तैयारी एक अध्ययन रणनीति के तहत करनी होगी और उसमें तैयारी के प्रत्येक आयाम को स्थान देना होगा ,स्टूडेंट्स अपने तैयारियों का स्तर जांचने के लिए आत्मविश्लेषण एवं मॉक टेस्ट करें। प्रतियोगी परीक्षाओं में रैंक एवं स्कोर काफी अहम होते हैं एवं इसी के आधार पर आपका चयन होता है।उन्होंने कहा स्टूडेंट्स स्ट्रेस एवं मनोवैज्ञानिक दवाब से दूर रहें। इस दौरान उन्होंने स्टूडेंट्स को परीक्षा की तैयारियों के लिए आइडिया एवं टिप्स शेयर किया ।
उन्होंने स्टूडेंट्स को सिविल सेवा परीक्षा, राज्य सेवा परीक्षा ,मेडिकल साइंस, लॉ, शिक्षा ,इंजीनियरिंग,रक्षा एवं अनुसंधान ,संगीत ,आर्ट एवं वाणिज्य सहित पैरामेडिकल क्षेत्रों में कॅरियर के विकल्पों की जानकारी साझा की एवं पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया।
इस दौरान स्टूडेंट्स अनुष्का ,शिल्पा, मेघा एवं अन्य ने उनसे आईएएस, मेडिकल सर्जन ,एमबीबीएस डॉक्टर ,इंटेलिजेंस ब्यूरो ,आर्किटेक्ट ,एनएसजी कमांडो ,पैरा कमांडो ,प्रोफेसर,ब्लड बैंक टेक्नीशियन बनने की पूरी प्रक्रिया के संबंध में सवाल पूछे ,जिसका उन्होंने लाइव जबाब दिया।
वर्कशॉप में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कु.किरण बंसल ने स्टूडेंट्स को फार्मेसी, नर्सिंग ,रेडियोलॉजी ,फिजियोथेरेपी ,रॉ ,सायबर क्राइम ,चिकित्सा आदि क्षेत्रों में कॅरियर के विकल्पों की जानकारी स्टूडेंट्स को दी एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के लिए आइडिया शेयर किया।
वर्कशॉप उपरांत स्टूडेंट्स से फीडबैक लिए गए ,स्टूडेंट्स ने वर्कशॉप को उनके कॅरियर चयन एवं परीक्षा की तैयारियों के लिए बेहद उपयोगी बताया। वर्कशॉप के दौरान विद्यालय के प्राचार्य सुदर्शन पटेल ,एन .मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।














