स्टूडेंट्स ने एक्सपर्ट से साझा की अपनी जिज्ञासा, कॅरियर गाइडेंस वर्कशॉप में पूछे लाइव सवाल।
जिला कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल एवं जिला शिक्षा अधिकारी जे के प्रसाद के विशेष निर्देशन एवं यशस्वी जशपुर के नोडल ऑफिसर विनोद कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में मंगलवार को विशेष शिक्षा गुणवत्ता एवं कॅरियर मार्गदर्शन कार्यशाला फरसाबहार विकास खंड के ज्ञानोदय अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जबला में आयोजित की गई।इस कार्यशाला में हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम के 989 से अधिक स्टूडेंट्स शामिल हुए।
स्टूडेंट्स को संबोधित करते हुए जिला जशपुर से विशेषज्ञ एस.पी यादव ने कहा कि आपको अपने सपनों को पूरा करने के लिए एक लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए मेहनत करना होगा , सिर्फ सपने देखने से वो पूरे नहीं होंगे , आपकी दृढ़ इच्छाशक्ति एवं जुनून से आप सफलता की नई कहानी लिख सकते हैं । उन्होंने सफल वैज्ञानिकों ,लेखकों ,आर्टिस्टस के महान कार्यों एवं उपलब्धियों का ज़िक्र करते हुए कहा कि जिन्होंने 10 हजार बार असफल होकर भी एक दिन सफल एक्सपेरिमेंट कर विद्युत बल्ब का आविष्कार किया ,वो महान वैज्ञानिक थॉमस एल्वा एडिसन थे ,जिन्होंने हर असफलता को चुनौती में बदल दिया। अमेरिका के हेलेन केलर जिनके पास आंखे तो थी लेकिन कोई विजन नहीं था , न बोल सकती थी और न ही सुन सकती थी लेकिन उन्होंने सिर्फ 23 वर्ष की आयु में ही कॉलेज की पढ़ाई के साथ साथ स्टोरी ऑफ माई लाइफ़ उपन्यास लिखकर लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत एवं एक उदाहरण बन गई, लियोनार्डो दा विचीं जिन्होंने 14 वर्षों के अथक प्रयासों से अपनी प्रसिद्ध पेंटिंग्स *मोनालिसा एवं लास्ट सपर* तैयार कर दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई ।
*उन्होंने स्टूडेंट्स से कहा असफलता आपमें अनसुलझे सवालों को समझने का जुनून पैदा करती है ,इसे स्वीकारें एवं प्रयोगशील बनें।*
इस दौरान उन्होंने स्टूडेंट्स को माइक्रो एवं मैक्रो स्ट्डी के आइडिया भी शेयर किए एवं अपने तैयारियों का स्तर जांचने के लिए परीक्षा पूर्व मॉक टेस्ट करने को कहा ,स्टूडेंट्स को सिविल सेवा परीक्षा, राज्य सेवा परीक्षा ,चिकित्सा, विज्ञान ,इंजीनियरिंग ,अंतरिक्ष अनुसंधान , रक्षा सेवा,संगीत, पत्रकारिता, विधिक सेवा, शिक्षा ,आर्ट ,वाणिज्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में कॅरियर के विकल्पों की जानकारी एवं पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया।
स्टूडेंट्स ने इस दौरान उनसे आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर अंतरिक्ष वैज्ञानिक ,सॉफ्टवेयर इंजीनियर,चार्टड अकाउंटेंट ,शिक्षक ,मेडिकल सर्जन ,प्रोफेसर बनने की पूरी प्रक्रिया के बारे में सवाल पूछे ,जिसका उन्होंने लाइव जबाब दिया।
उन्होंने स्टूडेंट्स को बताया कि बगैर नीट के परीक्षा दिए नर्सिंग,फार्मेसी, रेडियोलॉजी , पशु चिकित्सा विज्ञान, फिजियोथेरेपी ऐसे क्षेत्र हैं जहां स्टूडेंट्स अपना करियर बना सकते हैं ,उन्होंने स्टूडेंट्स को बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतिस्पर्धा काफी अहम होता है ।
कार्यशाला में ज्ञानोदय प्राचार्य सिस्टर अंजना पाले, प्राचार्य सिस्टर प्रसन्न ,सिस्टर अनिरो सहित हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।













