विश्व पर्यावरण दिवस विशेष :- जलवायु परिवर्तन एवं जल संकट पर चर्चा के लिए एकदिवसीय विचार संगोष्ठी आयोजित
केंद्रीय जल बोर्ड ने जशपुर जिले को रखा रेड जोन में क्योंकि यहाँ भूमिगत जल 30 मीटर से नीचे जा चुका है- एस पी यादव
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर जलवायु परिवर्तन, जल संकट ,प्राकृतिक आपदाओं एवं जैव विविधता के विभिन्न संवेदनशील पहलुओं पर चर्चा के लिए रविवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कुनकुरी में एकदिवसीय विचार संगोष्ठी आयोजित की गई,इस कार्यशाला में 150 से अधिक स्टूडेंट्स शामिल हुए ।
कार्यशाला में स्कूली छात्रों को संबोधित करते हुए विशेषज्ञ एवं पर्यावरण मामलों के जानकार एस. पी .यादव ने कहा कि वर्तमान परिवेश चुनौतियों का है ,संसाधनों के अतिदोहन एवं जैव विविधता के क्षय के कारण पृथ्वी का संतुलन बिगड़ गया है ,यहां वनस्पतियों एवं जीवों के अस्तित्व पर खतरा है ,मानव ने प्राकृतिक पर्यावरण के आधारभूत तत्वों की अनदेखी करके धरती को विनाश के कगार पर ला दिया है ,कहीं परिस्थितियां ऐसी न हो कि हमे अन्य ग्रहों पर जीवन के संभावनाएं तलाशने पड़े। जल संकट का ज़िक्र करते हुए उन्होंने बताया कि जल संकट की समस्या दिनों दिन विकराल होती जा रही है। जल के प्राकृतिक स्रोत एवं नदियाँ समय पूर्व सूख रही हैं ।
एक रिपोर्ट के मुताबिक यहां भूमिगत जल 30 मीटर से भी नीचे जा चुका है ,आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल होगी ।केंद्रीय जल बोर्ड ने जशपुर जिले को रेड जोन में शामिल किया है। उन्होंने स्टूडेंट्स को जल के विवेकपूर्ण उपयोग एवं सरंक्षण की दिशा में कार्य करने के लिए कहा।एवं वर्षा जल संग्रहण के आइडिया भी शेयर किए।
बढ़ते हुए प्रदूषणों पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे विभिन्न प्रदूषणों के कारण अब खुली हवा में सांस लेना भी दूभर हो गया है ,रेडियोधर्मी विकिरणों के उत्सर्जन के कारण इकोसिस्टम का संतुलन बिगड़ चुका है ।
उन्होंने स्टूडेंट्स को बताया कि जल प्रकृति से मिला अनमोल उपहार है ,इसे विश्व की संपूर्ण प्रयोगशालायें मिलकर नहीं बना सकती ,उन्होंने जैव विविधता के सरंक्षण के लिए विश्व पर्यावरण दिवस पर अपने परिवेश में 1 पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में सहायक विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी मारिया गोरेती तिर्की ने स्टूडेंट्स को बताया कि सिमटते वनों के क्षेत्रफल के कारण वर्षा की अनियमितता एवं अनिश्चितता एक समस्या बन चुका है ,जिसके कारण कई प्राकृतिक आपदाएं घटित हो रही हैं ,उन्होंने कहा कि पेडों की कटाई के कारण ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रहा है,वनस्पतियों एवं वन्यजीवों के अस्तित्व पर खतरा है ,जीवों के आश्रय स्थल गायब हो रहे हैं ।उन्होंने जैव विविधता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए स्टूडेंट्स को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया। इस कार्यशाला में स्टूडेंट्स ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जल संकट एवं जैव विविधता के ह्रास के लिए मानवीय गतिविधियां एवं अतिदोहन प्रमुख कारक हैं, लोगों को अपने नैतिक जिम्मेदारियों को समझना होगा। उन्होंने कहा कि वे प्रकृति के सरंक्षण एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए समुदाय को प्रेरित करेंगे
इस मौके पर संस्थान के प्राचार्य श्रीमती अगुस्टिना तिग्गा एवं कैम्प के प्रभारी शिक्षक उपस्थित रहे।















