ग्राम बोखी में भी गुरुवार को हरेली पर्व की धूम रही। किसानों ने जहां कृषि यंत्रों की पूजा कर पारंपरिक त्योहार को मनाया। वहीं, फरसाबहार से एसडीएम श्री शबाब खान जी , जनपद पंचायत फरसाबहार के सीईओ श्री धनेश टेंगवार , कार्यक्रम अधिकारी श्री आत्मा राम भगत , एनआरएलएम के कर्मचारी अनूप कुमार जी एवम ग्रामीण किसान बंधुओं ने गेड़ी दौड़ स्पर्धा का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण जन ने भाग लिया।
ग्राम बोखी में बने गौठन में हरेली कार्यक्रम में शामिल हुए किसान नेता श्री गणेश राम यादव के द्वारा हरेली महोत्सव का आयोजन किया गया। यहां छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा के साथ कृषि यंत्रों की पूजा की गई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए थे, जिसमें चीला, चौसेला, फरा, अइरसा सहित अन्य व्यंजनों का स्वाद भी लोगों ने लिया। हरेली उत्सव के अवसर पर अतिथियों ने यहां पौध रोपण भी किया। कार्यक्रम में श्री गणेश राम यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लगातार प्रदेश में छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान और अस्मिता को ध्यान में रखते हुए यहां के तीज, त्योहारों को एक अलग रूप में मनाकर संस्कृति को पुनर्जीवित कर रहे हैं और एक नयी पहचान दे रहे हैं।
ग्राम बोखी गौठान समिति के अध्यक्ष घुरन प्रधान ने बताया कि सरकार की ओर से 4 रुपए प्रति लीटर की दर से गौ मूत्र की खरीदी की जा रही है। इससे न केवल किसानों की आमदनी बढ़ेगी बल्कि खेतों में हानिकारक रसायनों के प्रयोग में कमी आएगी। गौ मूत्र से जीवामृत और ब्रह्मास्त्र बनाए जाएंगे। जीवामृत के छिड़काव से पौधे में वृद्धि होगी।
इसी प्रकार नीम, धतूरा, बेसरम, आंक व सीताफल और गौ मूत्र के मिश्रण से ब्रम्हास्त्र बनाया जाएगा। इसका प्रयोग खेतों में कीटनाशक के रूप में किया जाएगा। इसी प्रकार फरसाबहार विकासखण्ड के ग्राम कोनपारा गौठान में भी हरेली त्योहार मनाया गया एवम साथ ही में पौधा रोपण किया गया जिसमे ग्राम पंचायत कोन पारा के सरपंच श्रीमती सुनीता सिदार, पंच गण। राजीव युवा मितान क्लब के अध्यक्ष धनीराम यादव , भूतपूर्व सरपंच श्रीमती सनमती मांझी , ग्राम गौठान समिति के अध्यक्ष दुबराज बाघ एवम ग्रामीण जन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
















